नई दिल्ली, 14 मई।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के प्रमुख बल्लेबाज विराट कोहली ने बुधवार को रायपुर में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ शानदार शतकीय पारी खेलते हुए इतिहास रच दिया। इस पारी के साथ उन्होंने आईपीएल करियर का अपना नौवां शतक पूरा किया तथा टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 14,000 रन पूरे करने का कीर्तिमान भी स्थापित किया।
लगातार दो मैचों में शून्य पर आउट होने के बाद दबाव में दिख रहे 37 वर्षीय कोहली ने केकेआर के खिलाफ शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने 60 गेंदों पर नाबाद 105 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और तीन छक्के शामिल रहे।
उनकी इस विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर आरसीबी ने 192 रनों के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया और मुकाबले को 6 विकेट से अपने नाम कर लिया।
यह आईपीएल में केकेआर के खिलाफ कोहली का दूसरा शतक रहा, जबकि 2024 के बाद यह उनका पहला आईपीएल शतक भी है।
इस शतकीय प्रदर्शन के साथ विराट कोहली आईपीएल 2026 की ऑरेंज कैप रेस में शीर्ष पांच बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं। वर्तमान सीजन में उनके नाम 53.77 की औसत से 484 रन दर्ज हैं।
टी20 क्रिकेट में 14,000 रन का आंकड़ा छूने के साथ कोहली इस उपलब्धि को हासिल करने वाले विश्व के छठे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले एलेक्स हेल्स, कीरोन पोलार्ड, डेविड वॉर्नर, जोस बटलर और क्रिस गेल यह उपलब्धि दर्ज कर चुके हैं।













