नई दिल्ली, 14 मई।
छत्रपति संभाजी महाराज की जयंती के अवसर पर गुरुवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमन किया। सभी नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके साहस, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण को स्मरण किया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने संदेश में कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी स्वराज, संस्कृति और राष्ट्रधर्म की रक्षा के लिए छत्रपति संभाजी महाराज ने अद्वितीय पराक्रम और दृढ़ता का परिचय दिया, जो भारतीय इतिहास में अमर है। उन्होंने कहा कि अन्याय और आक्रांताओं के सामने संभाजी महाराज ने कभी समझौता नहीं किया और कठिन यातनाएं सहकर भी अपने सिद्धांतों पर अडिग रहे। उनका जीवन और बलिदान राष्ट्रप्रेम तथा साहस की प्रेरणा देता रहेगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि बचपन से ही राष्ट्रप्रेम, धर्मरक्षा और हिंदवी स्वराज के संस्कारों को आत्मसात करने वाले संभाजी महाराज ने कई क्षेत्रों को मुगल शासन से मुक्त कराया और अनेक युद्धों में विजय प्राप्त की। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण के विरुद्ध संघर्ष में संभाजी महाराज ने अपने जीवन का समर्पण कर दिया और स्वधर्म, स्वभाषा तथा स्वराज की ज्योति को कभी बुझने नहीं दिया।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि वीरता और पराक्रम के प्रतीक संभाजी महाराज को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन किया जाना चाहिए। वहीं केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने उन्हें धर्म और राष्ट्र की अस्मिता के रक्षक बताते हुए महान योद्धा के रूप में याद किया।
संसदीय एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के हिंदवी स्वराज के संकल्प को आगे बढ़ाने वाले संभाजी महाराज का साहस, त्याग और बलिदान भारतीय इतिहास में अमर प्रेरणा के रूप में सदैव याद किया जाएगा।











