राष्ट्रीय खेल
14 May, 2026

यूपी टी-20 लीग सीजन-4 की तैयारियां तेज, 14 अगस्त से छह सितंबर तक कानपुर में होगा आयोजन

यूपी टी-20 लीग सीजन-4 का आयोजन 14 अगस्त से 6 सितंबर तक कानपुर में किया जाएगा। आयोजन की तैयारियां तेजी से जारी हैं, जिसमें फ्रेंचाइजी टीमों, ट्रायल प्रक्रिया और प्रसारण योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की गई है।

कानपुर, 13 मई।

ग्रीनपार्क स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का आयोजन 14 अगस्त से 6 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। यूपी टी-20 के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि इस बार लीग को और अधिक भव्य स्वरूप देने की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। उन्होंने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में कानपुर सुपर स्टार्स, लखनऊ फाल्कन्स, गोरखपुर लायन्स, काशी रूद्रास, मेरठ मेवरिक्स और नोएडा सुपरकिंग्स फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी।

डॉ. कपूर ने कहा कि लीग का उद्देश्य यूपी टी-20 को देश की “मिनी आईपीएल” के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन केवल एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि प्रदेश के 75 जिलों और लगभग 25 करोड़ लोगों की प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने का माध्यम बन रहा है। लीग को “कंसोलिडेशन एंड डिलीवरी” थीम के तहत आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि फ्रेंचाइजी टीमों को न्यूनतम छह और अधिकतम बारह खिलाड़ियों को रिटेन करने की अनुमति होगी। प्रत्येक टीम में 23 से 25 खिलाड़ी शामिल होंगे, जिनमें नीलामी से चुने गए खिलाड़ियों के साथ स्थानीय क्षेत्रीय प्रतिभाओं को भी अवसर मिलेगा। प्रत्येक टीम के लिए 1 करोड़ 25 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है तथा उभरते खिलाड़ियों के लिए न्यूनतम वेतन संरचना भी यथावत रखी गई है।

डॉ. कपूर के अनुसार ट्रांसफर विंडो 1 जून से 15 जून तक तथा ट्रायल विंडो 1 जून से 30 जून तक संचालित होगी। राज्य के विभिन्न हिस्सों में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे ताकि जमीनी स्तर की प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाया जा सके। ट्रायल की शुरुआत 1 जून को काशी रूद्रास के साथ होगी, जिसके बाद मेरठ मेवरिक्स, लखनऊ फाल्कन्स, गोरखपुर लायन्स और नोएडा किंग्स के ट्रायल होंगे। कानपुर सुपरस्टार्स के ट्रायल 26 से 30 जून तक संपन्न होंगे, जिसके बाद प्रत्येक टीम के लिए 25 खिलाड़ियों का मजबूत स्क्वॉड तैयार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यूपी टी-20 सीजन-4 का प्रसारण सोनी नेटवर्क द्वारा किया जाएगा। सोनी लिव डिजिटल पार्टनर और डीडी स्पोर्ट्स प्रसारण सहयोगी के रूप में जुड़े रहेंगे। लीग को लगभग 200 देशों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है तथा आने वाले तीन वर्षों में इसके व्यूज 100 करोड़ के पार जाने का अनुमान है।

डॉ. कपूर ने कहा कि इस बार लीग में खेल के साथ मनोरंजन का भी समावेश रहेगा और कई प्रमुख सेलिब्रिटी साझेदारी एवं ऑनरशिप मॉडल के माध्यम से इससे जुड़ेंगे। सीमित इक्विटी भागीदारी के जरिए ब्रांडिंग और प्रमोशन को मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि नीलामी के बाद सभी फ्रेंचाइजी शहरों में ट्रॉफी टूर आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रशंसकों के बीच जुड़ाव बढ़ेगा। विजेता ट्रॉफी को प्रदेश के प्रमुख शहरों में प्रदर्शित किया जाएगा।

डॉ. कपूर ने कहा कि रिटेंशन पॉलिसी, खिलाड़ी पर्स सीमा और ट्रांसफर विंडो की समय-सीमा तय कर ली गई है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। यूपीसीए का लक्ष्य यूपी टी-20 लीग को देश की सबसे प्रतिस्पर्धी और पेशेवर घरेलू टी-20 लीगों में शामिल करना है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़