भोपाल, 14 मई।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज गुरुवार को मंत्रालय में राज्य सरकार के महत्वपूर्ण कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करेंगे। यह बैठक सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें मंत्रीगण वर्चुअल माध्यम से सहभागिता करेंगे।
जानकारी के अनुसार, इस बैठक में ग्रामीण एवं शहरी विकास, पेयजल व्यवस्था, धार्मिक पर्यटन, औद्योगिक विकास तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़े प्रमुख विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। मुख्यमंत्री जिन प्रमुख योजनाओं और कार्यों की समीक्षा करेंगे, उनमें ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि की निःशुल्क रजिस्ट्री अभियान, गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, नर्मदा समग्र मिशन, राम वन पथगमन परियोजना, कृष्ण पाथेय परियोजना, महाकाल मंदिर की तर्ज पर अन्य मंदिरों में होमगार्ड व्यवस्था, प्रदेश में नए एयरपोर्ट विस्तार, अग्निवीरों को आरक्षण तथा मंत्रालय में बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली जैसे विषय शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त पीएम मित्र पार्क और औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास स्थित आईटीआई संस्थानों को रोजगार से जोड़ने के संबंध में भी चर्चा की जाएगी। सरकार का मुख्य ध्यान योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने तथा उनके जमीनी क्रियान्वयन की स्थिति का आकलन करने पर केंद्रित रहेगा।












