राजगढ़, 14 मई।
जिले के लीमा चौहान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धामनदा में रहने वाले 58 वर्षीय व्यक्ति ने अपने खेत में स्थित आम के पेड़ पर फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया तथा मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बीती बुधवार रात ग्राम धामनदा निवासी 58 वर्षीय सिद्दूलाल पुत्र मांगीलाल मालवीय ने खेत में लगे आम के पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय वह खेत पर अकेला था, जबकि उसके परिजन घर पर मौजूद थे। परिजनों द्वारा तलाश किए जाने पर उसका शव पेड़ से लटका हुआ मिला।
प्रारंभिक जांच में घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। थाना प्रभारी गोविंद मीना ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और परिजनों एवं परिचितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों, बयानों और परिस्थितियों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।














