उत्तर प्रदेश
14 May, 2026

कानपुर में अनियंत्रित डंपर पलटा, साइकिल सवार चौकीदार की दर्दनाक मौत

कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर के अनियंत्रित होकर पलटने से थाने में तैनात चौकीदार की साइकिल सहित दबकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।

कानपुर, 14 मई।

घाटमपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक तेज रफ्तार और बेकाबू डंपर हाईवे पर पलट गया, जिससे साइकिल से जा रहे चौकीदार की दबकर मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से डंपर हटाया और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के चलते हाईवे पर करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा।

यह दुर्घटना जहांगीराबाद क्षेत्र में हुई। बरनाव गांव निवासी हरिश्चंद्र (50) घाटमपुर थाने में चौकीदार के पद पर तैनात थे। वह गुरुवार सुबह अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचते ही तेज गति से आ रहा डंपर नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर पलट गया। इसके नीचे दबने से हरिश्चंद्र की मौके पर ही जान चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राष्ट्रीय राजमार्ग टीम की सहायता से क्रेन बुलाकर डंपर को हटवाया गया। इसके बाद शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और लगभग तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घाटमपुर थाना प्रभारी मनोज सिंह भदोरिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़