सीवान, 14 मई।
शहर के सीवान जंक्शन और कचहरी स्टेशन के बीच गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब रेल ट्रैक पर लगभग 40 वर्षीय एक अज्ञात युवक का नग्न शव पड़ा मिला। शव देखे जाने के बाद आसपास के क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस व रेलवे सुरक्षा बल को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी के साथ नगर थाना, हुसैनगंज और मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। टीमों ने शव को ट्रैक से हटाकर रेल परिचालन को सामान्य कराया, हालांकि मृतक की पहचान नहीं हो सकी। शरीर पर कपड़े न होने और किसी भी तरह के पहचान दस्तावेज न मिलने के कारण पहचान स्थापित करने में पुलिस को कठिनाई हो रही है।
घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए मामला संदिग्ध माना जा रहा है और आशंका जताई जा रही है कि युवक की किसी अन्य स्थान पर हत्या कर शव को रेल ट्रैक पर लाकर फेंका गया हो, ताकि इसे दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल बन गया। वहीं चार थानों की पुलिस के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर देर तक स्थिति उलझी रही, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप पर नगर थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और शव की पहचान का प्रयास जारी है।













