रक्षा व सुरक्षा
14 May, 2026

एनडीआरएफ जवानों को देख जनता सुरक्षित महसूस करती है: अमित शाह

गाजियाबाद में एनडीआरएफ अलंकरण समारोह के दौरान अमित शाह ने कहा कि एनडीआरएफ की कार्यक्षमता से जनता में सुरक्षा का भाव बढ़ता है और आपदा प्रबंधन में भारत जीरो कैजुअल्टी लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।

गाजियाबाद, 14 मई।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह गुरुवार सुबह गाजियाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के राष्ट्रपति निशान अलंकरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विश्वास है कि एनडीआरएफ भविष्य में और अधिक मजबूती के साथ देश को किसी भी आपदा से सुरक्षित रखने में सक्षम होगी। उन्होंने यह भी कहा कि एनडीआरएफ के जवानों को देखकर आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव पैदा होता है।

अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों के क्षेत्र में व्यापक सुधार किए गए हैं और अब देश उस स्थिति की ओर बढ़ रहा है जहां जीरो कैजुअल्टी के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने इस मौके पर छह परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया और कहा कि इनसे राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक गति और सुविधा मिलेगी।

गृह मंत्री ने कहा कि जिन आपदाओं का पूर्वानुमान मौसम विभाग से मिल जाता है, वहां समय रहते जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिक लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिनमें जागरूकता और बचाव से जुड़े ऐप भी शामिल हैं, जिससे आपदा से निपटने की संस्कृति विकसित हो रही है।

उन्होंने आगे कहा कि एनडीआरएफ ने न केवल नागरिकों की बल्कि आपदा के समय पशुओं की भी सुरक्षा कर मानवीय सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया है। सरकार का उद्देश्य जान-माल और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम करना है। साथ ही हीट वेव जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए मंत्रालय पहले से ही तैयारी कर रहा है, ताकि आने वाले समय में नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सके।

अमित शाह ने बताया कि एनडीआरएफ और गृह मंत्रालय द्वारा 8,500 से अधिक जवानों, 10 हजार सिविल डिफेंस कर्मियों और 2 लाख 20 हजार से अधिक स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया गया है। इसके अलावा दो वर्षों में 10,500 से अधिक नाविकों को भी प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने कहा कि आपदा मित्रों की भूमिका भी आपदा प्रबंधन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि 20 वर्षों में एनडीआरएफ ने ऐसा विश्वास अर्जित किया है कि इसे देखकर देश का हर नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करता है। इस बल ने देश ही नहीं, विदेशों में आई आपदाओं में भी सराहनीय कार्य कर भारत का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने मौसम विभाग और एनडीआरएफ की सराहना करते हुए कहा कि 7 करोड़ से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया गया है।

इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली और एनडीआरएफ के महानिदेशक ने उनका स्वागत करते हुए खुली जीप में परेड का निरीक्षण भी कराया।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़