गुवाहाटी, 14 मई।
असम पुलिस की क्राइम ब्रांच कार्यालय में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा आज लगातार दूसरे दिन पूछताछ के लिए उपस्थित हुए। बुधवार रात तक चली करीब 10 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद उन्हें जाने दिया गया था, जिसके बाद आज वे फिर से जांच प्रक्रिया में शामिल हुए।
इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल क्राइम ब्रांच कार्यालय के बाहर मौजूद रहा और शाम तक परिसर के पास एक चाय दुकान पर भी उपस्थित दिखाई दिया।
यह मामला उस शिकायत से जुड़ा है जिसमें मुख्यमंत्री की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा पर तीन विदेशी पासपोर्ट रखने के आरोप लगाए गए थे। इन्हीं आरोपों के संबंध में क्राइम ब्रांच ने पवन खेड़ा को पूछताछ के लिए बुलाया है।
पूछताछ में शामिल होने के दौरान खेड़ा ने मीडिया से कहा था कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे। पूछताछ के दौरान उन्हें असम की पारंपरिक मिठाई पेड़ा और चाय भी परोसी गई थी।
इसी बीच मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कामाख्या मंदिर दर्शन के बाद इस विषय पर टिप्पणी करते हुए असम के पेड़े को स्वादिष्ट बताया।
यह भी उल्लेखनीय है कि पवन खेड़ा ने पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गए आरोपों के बाद खुद को जांच से दूर रखा था। आरोपों के बाद मुख्यमंत्री की पत्नी ने इसे झूठा बताते हुए क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस दिल्ली भी पहुंची थी लेकिन वह सामने नहीं आए थे।
इसके बाद उन्होंने अग्रिम जमानत के लिए पहले उच्च न्यायालय और फिर सर्वोच्च न्यायालय का रुख किया। उच्च न्यायालय से राहत न मिलने के बाद सर्वोच्च न्यायालय ने उन्हें अग्रिम जमानत दी, साथ ही कुछ शर्तें भी लागू कीं, जिसके चलते वे अब जांच में सहयोग के लिए उपस्थित हो रहे हैं।











