प्रयागराज, 08 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में पुलिस ने ऑपरेशन दहन के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.95 करोड़ रुपये कीमत का गांजा नष्ट कराया है। झूंसी थाना और प्रयागराज की नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने बुधवार को 391.070 किलोग्राम गांजे का नियमानुसार विनष्टीकरण किया।
पुलिस के अनुसार, नष्ट किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 95 लाख 53 हजार 500 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई जब्त मादक पदार्थों को न्यायालय और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद नष्ट करने के तहत की गई।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि प्रयागराज कमिश्नरेट क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऑपरेशन दहन के माध्यम से जब्त किए गए मादक पदार्थों का सुरक्षित तरीके से विनष्टीकरण कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य समाज को नशामुक्त और सुरक्षित बनाना है।
















