चंडीगढ़, 08 जुलाई।
क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को मंजूरी मिल गई है। अब दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव नंगल डैम रेलवे स्टेशन पर होगा। रेल मंत्रालय ने इस संबंध में स्वीकृति दे दी है। इससे नंगल, आनंदपुर साहिब और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
इस फैसले की जानकारी केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा को भेजे गए पत्र के माध्यम से दी। पत्र में बताया गया कि नंगल डैम स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस के निर्धारित ठहराव की मांग को स्वीकार कर लिया गया है।
सुभाष शर्मा ने बुधवार को इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि नंगल और आसपास के लोगों की यह मांग काफी समय से लंबित थी और मंजूरी मिलने से यात्रियों को राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि नंगल डैम रेलवे स्टेशन से रोजाना बड़ी संख्या में कर्मचारी, विद्यार्थी, व्यापारी, श्रद्धालु और पर्यटक सफर करते हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों के यात्रियों को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा।
वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव से दिल्ली के लिए तेज, सुविधाजनक और आरामदायक रेल यात्रा का विकल्प उपलब्ध होगा। इससे क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और धार्मिक पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
















