काठमांडू, 08 जुलाई।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने बुधवार को निजी क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ अपनी पहली उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में निवेश, औद्योगिक विकास और आर्थिक सुधारों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रधानमंत्री कार्यालय में आयोजित इस बैठक का उद्देश्य देश की अर्थव्यवस्था को गति देना, कारोबार को आसान बनाना, निवेश के लिए बेहतर माहौल तैयार करना और नीतिगत व प्रशासनिक बाधाओं को दूर करना था। बैठक में रोजगार सृजन, उत्पादन बढ़ाने और निजी क्षेत्र के साथ सरकार के सहयोग को मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
प्रधानमंत्री बालेन शाह ने कहा कि निजी क्षेत्र देश के आर्थिक विकास, निवेश विस्तार, रोजगार उपलब्ध कराने और उत्पादन वृद्धि में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योग और व्यापार जगत के सामने आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापार के लिए अनुकूल माहौल बनाने के उद्देश्य से नीतिगत, कानूनी और प्रशासनिक सुधारों को प्राथमिकता दी जाएगी। सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने और निवेश प्रक्रिया को सरल बनाने की दिशा में काम करेगी।
बैठक में निजी क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने उद्योगों को प्रोत्साहन देने, निवेश बढ़ाने, नीतियों में स्थिरता बनाए रखने और सरकारी सेवाओं को अधिक सरल व प्रभावी बनाने की मांग रखी। प्रतिनिधियों ने सरकार और उद्योग जगत के बीच नियमित तथा परिणाम आधारित संवाद व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया।
प्रधानमंत्री शाह ने कहा कि निजी क्षेत्र की ओर से दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और जरूरत के अनुसार संबंधित विभागों के माध्यम से सुधार लागू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आर्थिक सुधारों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार निजी क्षेत्र के साथ मिलकर काम करेगी।
बैठक में शामिल प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि इस संवाद से उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा, निवेश का वातावरण बेहतर होगा और सरकार व निजी क्षेत्र के बीच सहयोग और मजबूत होगा।
बैठक में नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ (एफएनसीसीआई) के अध्यक्ष अञ्जन श्रेष्ठ, उद्योग समिति के अध्यक्ष उज्ज्वल कुमार श्रेष्ठ, नेपाल उद्योग परिसंघ (सीएनआई) के पूर्व अध्यक्ष राजेश कुमार अग्रवाल, सीएनआई के महानिदेशक डॉ. घनश्याम ओझा, नेपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष कमलेश कुमार अग्रवाल और वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक मल्होत्रा सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
















