मीरजापुर, 14 मई।
जिले में बुधवार शाम आई तेज आंधी, तूफान और बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय छात्र की जान चली गई, जिससे परिवार में गहरा शोक व्याप्त हो गया। घटना पड़री थाना क्षेत्र के छितमपट्टी गांव के भगदना मौजा की है।
भगदना मौजा निवासी अक्षय बिंद, पुत्र दुलार बिंद, घर के बाहर बगीचे में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था, तभी अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज आंधी-बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के कारण पास खड़ा आम का पेड़ टूटकर उसके ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह बालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। मृतक कक्षा आठ का छात्र था। बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और चीख-पुकार गूंज उठी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए विधिक प्रक्रिया की जा रही है।















