शिमला, 14 मई।
सुन्नी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार की जांच में बड़ी कार्रवाई करते हुए 17.7 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने एक युवती सहित दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है और दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 13 मई की देर रात करीब तीन बजे थाना सुन्नी की टीम घराटनाला इलाके में वाहनों की सघन जांच और नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
जांच के दौरान कार में बैठे दो लोगों के पास से 17.7 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। वाहन का नंबर एचपी30ए-3588 बताया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान महेश कुमार और मनोरमा के रूप में हुई है। महेश कुमार मंडी जिले के करसोग क्षेत्र का निवासी है, जबकि मनोरमा हमीरपुर जिले के भोरंज क्षेत्र की रहने वाली है।
इस मामले में थाना सुन्नी में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21 और 29 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किस स्थान पर की जानी थी।













