मोरीगांव (असम), 14 मई।
जागीरोड थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान के दौरान एक तेल टैंकर से मवेशियों की बड़ी खेप बरामद की है। कार्रवाई के तहत 24 मवेशियों को जब्त किया गया है और इस मामले में तीन पशु तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया जा रहा था, इसी दौरान एक संदिग्ध तेल टैंकर की जांच की गई। जांच में टैंकर (एएस-05सी-1034) के भीतर मवेशियों को छिपाकर ले जाते हुए पाया गया।

बताया गया कि मवेशियों को अत्यंत चालाकी से टैंकर के अंदर छिपाकर मेघालय की ओर ले जाया जा रहा था, जिसे पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया।

इस मामले में गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों की पहचान लखीमपुर निवासी मोहम्मद शरीफूल अली, मोहम्मद अलाउद्दीन और नगांव निवासी मोहम्मद मुजम्मिल हक के रूप में हुई है।

पुलिस ने मामले में पशु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। गौरतलब है कि राज्य में सख्त पशु कानून लागू होने के बावजूद इस तरह की तस्करी के मामले सामने आते रहते हैं।













