मीरजापुर, 14 मई।
राजगढ़ थाना क्षेत्र के कोन भरूहवा गांव के एक युवक की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान गुरुवार सुबह मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोन भरूहवा गांव निवासी विवेक कुमार (24) बुधवार को अपने चचेरे भाई अभिषेक और एक रिश्तेदार बिमलेश के साथ बाइक से चुनार क्षेत्र में रिश्तेदारी में गए थे। बताया गया कि अदलपुरा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे विवेक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए वाराणसी स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक इलाज के बाद बुधवार रात उसे घर वापस लाया गया। गुरुवार सुबह उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक विवेक तीन भाइयों में दूसरे स्थान पर था। उसकी शादी लगभग एक वर्ष पूर्व हुई थी और उसकी कोई संतान नहीं थी। उसकी मृत्यु से परिवार में गहरा शोक व्याप्त हो गया है।
थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि सड़क हादसे में घायल युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।














