जौनपुर, 14 मई।
दीवानी न्यायालय में कार्यरत अधिवक्ता अंबे प्रसाद पांडेय पर गुरुवार सुबह अदालत जाते समय अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद वकीलों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में अधिवक्ता न्यायालय परिसर से लाइन बाजार थाने पहुंच गए।
अधिवक्ता अंबे प्रसाद पांडेय सुबह लगभग 8:30 बजे अपने भारती नगर गंगा पट्टी स्थित आवास से बाइक द्वारा दीवानी न्यायालय के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान लाइन बाजार थाना क्षेत्र के इंग्लिश क्लब के पास पहले से घात लगाए बैठे तीन अज्ञात युवकों ने उनकी बाइक रोक ली।
आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी और लोहे की रॉड से उनके सिर के पिछले हिस्से पर जोरदार वार किया, जिससे उनका सिर फट गया और वे मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पीली कोठी की दिशा में फरार हो गए।
स्थानीय लोगों और अन्य अधिवक्ताओं की मदद से घायल वकील को तत्काल लाइन बाजार थाने ले जाया गया, जहां उन्होंने पुलिस को तहरीर दी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बार अध्यक्ष सुभाष चंद्र यादव ने कड़ी निंदा व्यक्त की और थानाध्यक्ष से फोन पर वार्ता कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी व सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में अधिवक्ता थाने पहुंचे और कानून व्यवस्था पर नाराजगी जताई।
थानाध्यक्ष के.के. सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है।















