हमीरपुर, 14 मई।
बिवांर थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक शादी समारोह में शामिल होने आए युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार पाटनपुर गांव निवासी 26 वर्षीय सचिन पुत्र शुभकरन सिंह छानी गांव स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचा था। देर रात उसका शव सड़क किनारे डिवाइडर के पास खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला, जिसे देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अवस्था में युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि यह घटना पुरानी रंजिश का परिणाम है। मृतक के चाचा धर्मपाल सिंह के अनुसार युवक के सीने में गोली लगने के निशान पाए गए हैं और उसकी शर्ट के बटन भी टूटे हुए थे, जिससे संघर्ष की आशंका जताई जा रही है।
वहीं मृतक के ससुर छोटेबाबा ने अपने ही भतीजे पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शादी समारोह के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद सचिन की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया ताकि घटना को हादसे का रूप दिया जा सके।
घटना के बाद से आरोपित युवक फरार है। पुलिस के अनुसार मृतक के सीने में गोली लगने के स्पष्ट निशान मिले हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।












