राजगढ़, 14 मई।
कालीपीठ थाना क्षेत्र के ग्राम सेमलावे में पुराने विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया, जहां भियापुरा गांव के कुछ लोगों ने लाठी-फर्से से हमला कर दिया। इस हमले में दो महिलाओं सहित कुल पाँच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में सात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास और बलवा सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित ललिताबाई तंवर निवासी सेमलावे ने रिपोर्ट में बताया कि करीब 15 दिन पहले वह अपने परिवार के साथ बोलेरो वाहन से एक विवाह समारोह में जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में भियापुरा जोड़ पर खड़े अशोक तंवर से हॉर्न बजाकर रास्ता देने को कहा गया, जिस पर विवाद हो गया था। हालांकि उस समय मामला शांत कर दिया गया था।
लेकिन बीती बुधवार रात वही विवाद फिर भड़क उठा, जब अशोक तंवर अपने साथियों के साथ सेमलावे गांव पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी और फर्से से हमला कर दिया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
घायलों में गायत्रीबाई (21), शंकरलाल (30), देवसिंह (21), महेन्द्र (22) और ललिताबाई (40) शामिल हैं। इनमें गायत्रीबाई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने रोड़जी, कमल, अशोक, प्रभूलाल और चैनसिंह सहित सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच जारी है।













