भोपाल, 14 मई।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा “संपर्क अभियान 2026” का आयोजन किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत आज गुरुवार को शहर वृत्त भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान मौके पर ही किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य उपभोक्ता शिकायतों का शीघ्र निपटान सुनिश्चित करना तथा उन्हें बिजली सेवाओं एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना है।
जनसंपर्क अधिकारी राजेश पाण्डेय के अनुसार, इन शिविरों में त्रुटिपूर्ण बिजली बिल, मीटर रीडिंग संबंधी त्रुटियों सहित अन्य बिलिंग शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाएगा। साथ ही मात्र 5 रुपये में नवीन ग्रामीण घरेलू एवं कृषि पंप कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त भार वृद्धि, नाम परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन, स्थायी कनेक्शन विच्छेदन, अस्थायी कनेक्शन, ई-केवाईसी, अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी), बंद या खराब मीटर बदलना, स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतें, सर्विस केबल सुधार, वोल्टेज समस्या, ट्रांसफार्मर से जुड़ी शिकायतें, बिजली बिलों का आंशिक एवं पूर्ण भुगतान, अग्रिम भुगतान पर छूट, बकाया राशि भुगतान, समाधान योजना तथा अन्य जनहित योजनाओं की जानकारी और लाभ भी प्रदान किए जाएंगे।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए शिविरों में चार अलग-अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है।
काउंटर नंबर 1 (हेल्प डेस्क): उपभोक्ता यहां अपनी शिकायत दर्ज कर टोकन प्राप्त करेंगे।काउंटर नंबर 2 (बिलिंग सुधार): गलत रीडिंग एवं अन्य बिल संबंधी शिकायतों का समाधान किया जाएगा।काउंटर नंबर 3 (नया कनेक्शन एवं सेवाएं): 5 रुपये में नए कनेक्शन, भार वृद्धि और नाम परिवर्तन के आवेदन लिए जाएंगे।काउंटर नंबर 4 (तकनीकी सेवाएं एवं भुगतान): मीटर बदलाव, वोल्टेज समस्या तथा बकाया राशि भुगतान/वसूली की सुविधा उपलब्ध होगी।
शिविर भोपाल शहर के विभिन्न वितरण केंद्रों एवं जोनों में आयोजित किए जाएंगे, जिनमें अयोध्या नगर, आनंद नगर, भानपुर, चांदबड़, करोंद, बैरागढ़, छोला, सिटी कोतवाली, इंद्रविहार, सुल्तानिया, दानिशकुंज, मिसरोद, अरेरा कॉलोनी, भदभदा, कोटरा, एम.पी. नगर, टी.टी. नगर, जहांगीराबाद, शक्तिनगर, विद्या नगर, कटारा हिल्स, शाहपुरा सहित अनेक क्षेत्र शामिल हैं, जहां उपभोक्ता अपनी बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।
शिविरों में भाग लेने वाले उपभोक्ताओं को अपना नवीनतम बिजली बिल साथ लाना होगा। शिकायत दर्ज कराने के लिए मोबाइल नंबर एवं उपभोक्ता क्रमांक (आईवीआरएस) आवश्यक होगा। नए कनेक्शन के लिए समग्र आईडी, स्वामित्व दस्तावेज और पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा, जिससे शिकायतों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर शिकायतों का निराकरण कराने तथा विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है। किसी भी जानकारी के लिए उपभोक्ता नजदीकी वितरण केंद्र अथवा टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं।














