नई दिल्ली, 14 मई।
सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार ने मजबूती के साथ सकारात्मक रुख में शुरुआत की। हाल के दिनों में बिकवाली के दबाव का सामना कर रहे दोनों प्रमुख सूचकांक आज बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। सेंसेक्स में 140 अंक तथा निफ्टी में 81 अंकों की तेजी दर्ज की गई।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 139.91 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 74,748.88 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 88.90 अंक यानी 0.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,501.50 के स्तर पर ट्रेड करता दिखाई दिया।
आज के कारोबार में ऑटो, मेटल, बैंकिंग और फार्मा सेक्टर के शेयरों में अधिक खरीदारी देखी गई। बाजार की यह सकारात्मक शुरुआत पिछले सत्र में हुई हल्की रिकवरी के बाद आई, जिसमें गिरावट का सिलसिला थम गया था। साथ ही शुरुआती कारोबार में रुपया 20 पैसे कमजोर होकर अब तक के सबसे निचले स्तर 95.86 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।
उल्लेखनीय है कि पिछले कारोबारी सत्र में भी बाजार में बढ़त दर्ज की गई थी, जहां सेंसेक्स 50 अंकों की तेजी के साथ 74,609 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 33 अंकों की वृद्धि के साथ 23,413 के स्तर पर बंद हुआ था।















