अपराध
08 May, 2026

शेयर बाजार ठगी का जाल, रिटायर्ड व्यक्ति से 30 लाख की साइबर धोखाधड़ी

ऑनलाइन ट्रेडिंग और शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत्त व्यक्ति से करीब 30 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली, जिसकी शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

गाजियाबाद, 08 मई।

ऑनलाइन ट्रेडिंग और शेयर बाजार में अधिक मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत्त व्यक्ति से करीब 30 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले में साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

राजनगर एक्सटेंशन स्थित ओरा कायमेरा सोसाइटी निवासी हरिविलास सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पास पहले से ही डीमैट अकाउंट में कुछ शेयर मौजूद थे। शेयर बाजार में हो रहे उतार-चढ़ाव से नुकसान को लेकर वह इंटरनेट पर लगातार जानकारी जुटा रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक व्हाट्सऐप ग्रुप से जोड़ा गया, जहां निवेश से जुड़ी जानकारी साझा की जा रही थी।

इस ग्रुप में जुड़े लोगों ने खुद को निवेश सलाहकार बताया और शुभंकर शर्मा व कौस्तुभ टैंकसाले नाम का परिचय दिया। इन लोगों ने संपर्क के लिए मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए और शेयर खरीदने-बेचने की सलाह देने लगे। शुरुआती दौर में दी गई सलाह से कुछ लाभ मिलने पर पीड़ित का भरोसा बढ़ गया।

इसके बाद उन्हें एक अन्य ग्रुप में शामिल किया गया, जहां एक एप पर खाता बनाकर ब्लॉक डील के माध्यम से रियायती दरों पर शेयर खरीदने और बाद में उन्हें बाजार मूल्य पर बेचकर भारी लाभ कमाने का दावा किया गया। इसी दौरान आरोपियों ने ऑनलाइन हस्ताक्षर कराकर एप पर खाता खुलवाया और ग्राहक सेवा चैट के जरिए विभिन्न बैंक खातों में धनराशि जमा करानी शुरू कर दी।

पीड़ित ने जनवरी से मार्च 2026 के बीच कई किस्तों में लगभग 30 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए। ठग लगातार अधिक निवेश करने पर अधिक लाभ का आश्वासन देते रहे। एप पर खाते में बढ़ी हुई रकम और मुनाफा भी दिखाया जा रहा था।

जब पीड़ित ने अपनी राशि निकालने का प्रयास किया तो निकासी रोक दी गई और बाद में उनका बैलेंस फ्रीज कर दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने संपर्क करना भी बंद कर दिया, जिससे उन्हें ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर मोबाइल नंबर और बैंक खातों के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

27° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़