नई दिल्ली, 14 मई।
पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर घरेलू शेयर बाजार पर दिखाई दिया, हालांकि सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को बाजार की शुरुआत सकारात्मक रुख के साथ हुई और शुरुआती कारोबार में तेजी बनी रही।
बीएसई सेंसेक्स 137.64 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,696.88 के स्तर पर कारोबार करता देखा गया। वहीं एनएसई निफ्टी भी 66.25 अंक यानी 0.28 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,445.80 के स्तर पर पहुंचा।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, भारतीय स्टेट बैंक, पावर ग्रिड, टाइटन और एक्सिस बैंक के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। वहीं एशियन पेंट्स, अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में मजबूती देखने को मिली।
एशियाई बाजारों में भी सकारात्मक रुख रहा, जहां दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग लाभ के साथ कारोबार कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव लगभग 106.6 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले लगातार चार कारोबारी सत्रों में घरेलू बाजार में गिरावट दर्ज की गई थी। पिछले दिन सेंसेक्स 1,456 अंक टूटकर 74,559 के स्तर पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 436 अंक गिरकर 23,379 पर आ गया था। पिछले चार दिनों में सेंसेक्स में लगभग 3,500 अंक और निफ्टी में करीब 1,000 अंक की गिरावट देखी गई थी।



.jpg)

.jpg)


.jpg)



