भोपाल, 13 मई।
भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत भोपाल नगर निगम क्षेत्र में मकान सूचीकरण का कार्य तेज गति से जारी है। अब तक 3 लाख 60 हजार से अधिक मकानों की गणना पूरी की जा चुकी है, जबकि 150 जनगणना ब्लॉकों में कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है।
नगर निगम मुख्यालय अटल भवन के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समय पर कार्य पूर्ण करने वाले प्रगणकों को महापौर मालती राय द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान निगम आयुक्त एवं प्रमुख नगर जनगणना अधिकारी संस्कृति जैन की उपस्थिति में दिया गया।
इस अवसर पर जोन और चार्ज क्षेत्रों के प्रगणकों को उनकी निष्ठा एवं समयबद्ध कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नगर जनगणना अधिकारी हीरेन्द्र सिंह कुशवाह, चार्ज एवं जोनल अधिकारी, मास्टर ट्रेनर, सुपरवाइजर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
महापौर मालती राय और निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने प्रगणकों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों पर चर्चा की तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
अधिकारियों ने बताया कि निगम आयुक्त द्वारा नियमित रूप से प्रगणकों और सुपरवाइजरों के कार्य की समीक्षा की जा रही है, जिसके चलते कार्य में तेजी आई है और कई प्रगणकों ने निर्धारित समय से पहले ही अपना कार्य पूर्ण कर लिया है।











.jpg)


.jpg)