नागरिक समस्याएँ
13 May, 2026

करोंद में चार मंजिला भवन में भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप

भोपाल के करोंद इलाके में चार मंजिला व्यावसायिक भवन में जनरेटर से लगी आग ने इलेक्ट्रॉनिक शोरूम को चपेट में ले लिया, दमकल ने काबू पाया।

भोपाल, 13 मई।

करोंद क्षेत्र में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पीपुल्स हॉस्पिटल के सामने स्थित चार मंजिला व्यावसायिक भवन में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटों के साथ काले धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

आग लगते ही दुकानदार और स्थानीय लोग अपनी दुकानों व घरों से बाहर निकल आए। बताया गया कि आग भवन के बाहर रखे जनरेटर में शॉर्ट सर्किट होने से शुरू हुई, जो तेजी से फैलकर इलेक्ट्रॉनिक शोरूम तक पहुंच गई। इस दौरान एयर कंडीशनर, फर्नीचर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान आग की चपेट में आ गया, जिससे भारी नुकसान हुआ।

हालांकि घटना के समय भवन में ज्यादा भीड़ नहीं थी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही पीपुल्स हॉस्पिटल की फायर ब्रिगेड ने प्रारंभिक कार्रवाई शुरू की, जिसके बाद नगर निगम की दमकलें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि उसी भवन में संचालित केएफसी आउटलेट तक आग नहीं पहुंच सकी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

नगर निगम के फायर प्रभारी सौरभ पटेल ने बताया कि जनरेटर में आग लगने के कारण यह घटना हुई, जिसने पास के इलेक्ट्रॉनिक सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया। दमकल दल ने समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया।

घटना के दौरान अयोध्या बायपास पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया और यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़