भोपाल, 13 मई।
थाना कजलीखेड़ा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 55 लीटर 500 एमएल कच्ची शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब 75 पन्नियों में भरी हुई थी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5700 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी, पुलिस उपायुक्त जोन-4 आदर्शकांत शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मलकीत सिंह तथा सहायक पुलिस आयुक्त आलोक श्रीवास्तव के निर्देशन में की गई।
13 मई को थाना कजलीखेड़ा में तैनात पुलिस स्टाफ को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम गोल तालाब के पास एक व्यक्ति दो प्लास्टिक बोरियों में अवैध कच्ची शराब बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके से आरोपी को पकड़ लिया।
आरोपी की पहचान शैतान सिंह (45), निवासी ग्राम गोल, थाना कजलीखेड़ा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो बोरियों में रखी 75 पन्नी कच्ची शराब बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह शराब झिरी क्षेत्र में बेतवा नदी किनारे टीन के पीपे और पाइप की मदद से तैयार की थी और बिक्री के लिए ग्राम गोल लाया था।
पुलिस ने मौके पर ही शराब के सैंपल लेकर उन्हें सीलबंद किया तथा पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 147/2026 दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है तथा अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।












.jpg)


.jpg)