भोपाल, 13 मई।
नगर निगम द्वारा नमस्ते योजना के अंतर्गत सफाई मित्रों को स्वच्छता कार्यों के दौरान सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पीपीई किट का वितरण किया गया। इस दौरान बुधवार को महापौर मालती राय ने जोन क्रमांक-04 कार्यालय मंगलवारा में तथा निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने नवीन निगम मुख्यालय भवन में सफाई मित्रों को किट प्रदान की। साथ ही अन्य जोन कार्यालयों में भी डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से जुड़े कर्मचारियों को किट वितरित की गई।
जानकारी के अनुसार वितरित पीपीई किट में दस्ताने, गमबूट और बरसाती शामिल हैं, जिससे विशेषकर वर्षा ऋतु में सफाई कार्य के दौरान कर्मचारियों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। निगम प्रशासन ने इस पहल को सफाई कर्मियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
महापौर मालती राय ने कहा कि सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी सुरक्षा निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सफाई मित्रों से अपील की कि वे कार्य के दौरान नियमित रूप से पीपीई किट का उपयोग करें और ‘स्वच्छ भोपाल-स्वस्थ भोपाल’ अभियान को और मजबूत बनाएं।
निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने कहा कि नमस्ते योजना के तहत समय रहते बरसात से पहले ही सफाई मित्रों को किट उपलब्ध कराई गई है, ताकि वे सुरक्षित वातावरण में बेहतर तरीके से कार्य कर सकें। इस अवसर पर पार्षद मो. सरवर, शैलेष साहू, श्रीमती शीतल वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में सफाई मित्र उपस्थित रहे।












.jpg)


.jpg)