भोपाल, 13 मई।
शाहजहांनाबाद थाना पुलिस ने सूने घर में दिनदहाड़े चोरी करने वाले एक नकबजन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 1.25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार फरियादिया राखी, निवासी मदर इंडिया कॉलोनी, शाहजहांनाबाद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 अप्रैल 2026 को जब वह और उनके पति घर से बाहर गए हुए थे, तभी अज्ञात चोर ने घर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने घर में रखी अलमारी से सोने की बाली, हाय, मंगलसूत्र, बच्चों के चांदी के कड़े और बिछिया सहित अन्य जेवरात चोरी कर लिए थे। इस पर अपराध क्रमांक 227/26 धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर संदेही की पहचान मोहम्मद शकील (32), निवासी मदर इंडिया कॉलोनी के रूप में की। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए, जिनकी कीमत लगभग 1.25 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी मारपीट, नकबजनी और अवैध हथियार रखने सहित कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है तथा मामले की आगे जांच जारी है।











.jpg)


.jpg)