कटिहार, 20 मार्च 2026।
कटिहार साइबर थाना ने ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर अपराधियों के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक साइबर, अपराध अनुसंधान विभाग, पटना के निर्देश पर कटिहार साइबर थाना ने 26 संदिग्ध म्यूल खातों का सत्यापन किया। इस जांच में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक चार्टर्ड अकाउंटेंट और आईसीआईसीआई बैंक के ब्रांच मैनेजर भी शामिल हैं।
गिरफ्तार व्यक्तियों में निशात अग्रवाल, रवि शंकर रवि, कैलाश प्रसाद साह, रिन्दु कुमार, राजेश कुमार मिश्रा और कौशल कुमार शामिल हैं। आरोप है कि उन्होंने अपने खातों का उपयोग साइबर अपराधियों को अवैध लेनदेन में मदद करने के लिए किया। पुलिस के अनुसार, इन खातों के जरिए करीब 2 करोड़ 20 लाख रुपये का अवैध लेनदेन हुआ है।
पुलिस ने बताया कि जांच जारी है और बाकी संदिग्ध खातों का सत्यापन भी किया जा रहा है। साथ ही खाता धारकों से अपील की गई है कि वे अपने बैंक खातों का उपयोग किसी भी अवैध लेनदेन में न करें और अपनी निजी जानकारी अजनबियों के साथ साझा न करें।











