सागर, 26 मार्च।
मध्य प्रदेश के सागर जिले में डायल-112 सेवा ने एक बार फिर मानवता और तत्परता की मिसाल पेश की। पुलिस की तुरंत और संवेदनशील कार्रवाई के कारण एक मासूम बच्ची, जो परिवार से बिछड़ गई थी, कुछ ही घंटों में सुरक्षित अपने माता-पिता के पास पहुँच गई।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम भोपाल से सागर कंट्रोल रूम को इवेंट नंबर 26032601146 के जरिए सूचना मिली कि एक छोटी बच्ची सागर रेलवे स्टेशन पर अकेली है। बच्ची के परिजन मैहर क्षेत्र से खुरई में कटाई का काम करके लौट रहे थे। सफर के दौरान परिजन सो गए, और स्टेशन पर उतरते समय बच्ची ने सोच लिया कि सभी उतर रहे हैं। वह अपना छोटा बैग लेकर प्लेटफॉर्म पर उतर गई।
बच्ची के लापता होने की सूचना ट्रेन में मौजूद एक जागरूक महिला ने तुरंत डायल-112 पर दी। इसके बाद सागर कंट्रोल रूम में तैनात उप निरीक्षक आरकेएस चौहान ने तत्काल FRB 05 (गोपालगंज) को अलर्ट किया।
एफआरबी टीम ने मौके पर पहुँचकर जीआरपी सागर के साथ मिलकर तलाशी अभियान चलाया। प्रधान आरक्षक कमलेश मिश्रा और पायलट विक्रान्त सिंह की सक्रियता से बच्ची को जल्द ही खोजा गया। बच्ची बुरी तरह डरकर रो रही थी। उसे पुलिस कंट्रोल रूम लाकर परिजनों से संपर्क कराया गया। जब परिवार सागर पहुँचा और अपनी लाड़ली को सुरक्षित देखा, तो उनकी आँखों में खुशी के आँसू छलक पड़े। परिजनों ने सागर पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया।









