हल्द्वानी, 21 मार्च।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को नैनीताल जनपद के दौरे पर रहेंगे और इस दौरान हल्द्वानी में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम राज्य में पुष्कर सिंह धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
उत्तराखंड में धामी सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर एमबी इंटर कॉलेज, हल्द्वानी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जनसभा को मुख्य अतिथि के रूप में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह संबोधित करेंगे। इस अवसर पर राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास योजनाओं और जनहितकारी नीतियों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, रक्षा मंत्री दोपहर 12:10 बजे पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद 12:20 बजे हेलीकॉप्टर से हल्द्वानी के लिए रवाना होंगे और 12:40 बजे आर्मी हेलीपैड पहुंचेंगे। आर्मी हेलीपैड से सड़क मार्ग द्वारा 12:55 बजे एमबी इंटर कॉलेज मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे।
जनसभा के बाद रक्षा मंत्री दोपहर 2:15 बजे आर्मी हेलीपैड के लिए प्रस्थान करेंगे और 2:55 बजे पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे 3:25 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सैनिक स्कूल घोड़ाखाल का दौरा रद्द कर दिया गया है।












