नई दिल्ली, 18 अप्रैल।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज मेट्रो फेज-4 के तहत आरके आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि मेट्रो दिल्ली की जीवनरेखा है, जहां प्रतिदिन लाखों यात्री यात्रा करते हैं। इसी कारण सभी कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा और निर्धारित समयसीमा का सख्ती से पालन आवश्यक है। उन्होंने डीएमआरसी अधिकारियों के साथ निर्माण प्रगति, कार्य की गुणवत्ता और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विस्तृत चर्चा की तथा निर्देश दिए कि कार्य की गति और पारदर्शिता सुनिश्चित रहे और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली की बढ़ती आवश्यकताओं के अनुरूप मजबूत और आधुनिक परिवहन कनेक्टिविटी विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है और यह विकसित दिल्ली के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली सरकार ने मेट्रो फेज-4 के तीन नए कॉरिडोर—लाजपत नगर-साकेत, इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ और रिठाला-कुंडली—के लिए 3,386.18 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है। इन परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत लगभग 14,630.80 करोड़ रुपये है और इन्हें अगले चार वर्षों में 47.22 किलोमीटर लंबा नेटवर्क विकसित करने के लक्ष्य के साथ पूरा किया जाना है। इन कॉरिडोरों के निर्माण से उत्तर, मध्य और दक्षिण दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी और अधिक सुदृढ़ होगी।



.jpg)

.jpg)
.jpg)

