बेतिया, 18 अप्रैल।
पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चन्द्रशेखर सिंह की 99वीं जयंती (17 अप्रैल) के अवसर पर विश्व संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण आयोग, नई दिल्ली द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रो. अरविंद नाथ तिवारी को डॉक्टरेट की मानद उपाधि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यह कार्यक्रम अशोक विहार स्थित ग्रीन लॉन्ग नॉर्थ बैंक्वेट, नई दिल्ली के सभागार में आयोजित हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि फिल्म अभिनेता सुदेश बेरी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में राकेश कुमार राही (सेवानिवृत्त एजुकेशन डायरेक्टर, पूर्वी दिल्ली), विजय कुमार यादव (सेवानिवृत्त पुलिस कमिश्नर, दिल्ली) तथा शिक्षाविद शिवानी कुमारी सहित अन्य शामिल रहे। मंच पर प्रो. तिवारी को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो, शाल और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रो. तिवारी को यह सम्मान पर्यावरण, साहित्य एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय और सराहनीय योगदान के लिए दिया गया। वर्तमान में वे पीयूएसटी महिला महाविद्यालय, बगहा-1 में इतिहास विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं तथा लंबे समय से पत्रकारिता, लेखन और समाजसेवा से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने ‘आज’, ‘राष्ट्रीय सहारा’, ‘चौथी दुनिया’ और ‘हिन्दुस्थान समाचार’ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य करते हुए एक लाख से अधिक समाचार एवं लेख प्रकाशित किए हैं। इसके साथ ही वे अखिल विश्व गायत्री परिवार से जुड़े हुए हैं और गायत्री शक्तिपीठ, बगहा के मुख्य ट्रस्टी भी हैं।
वर्ष 2002 से वे पर्यावरण संरक्षण, यज्ञ आयोजन तथा आपदा राहत कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनकी प्रकाशित पुस्तकों में “प्रश्नगत चम्पारण”, “गायत्री ध्यान साधना”, “महानायक मंगल पाण्डेय” और “भारत के कर्णधार” प्रमुख हैं, जबकि “हस्त रेखा ज्ञान” प्रकाशनाधीन है।
प्रो. तिवारी को अब तक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न विश्वविद्यालयों से कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. भीमराव अंबेडकर, कवि सूर्यकांत त्रिपाठी निराला, हिन्दी रत्न, ज्ञान रत्न, साहित्य ज्ञानाक्षर और पत्रकार श्री सम्मान सहित तीन दर्जन से अधिक सम्मान शामिल हैं।
इस उपलब्धि पर बगहा के शिक्षाविद रत्नलाल नाथानी, पंकज कुमार, केदार नाथानी, डॉ. रबिकेश मिश्र, रमेश मिश्र, अधिवक्ता संजय कुमार श्रीवास्तव, संजीव कुमार सिंह, बिनोद पांडेय, पत्रकार इजरायल अंसारी, महाबीर अग्रवाल, पत्रकार चन्द्रभूषण शांडिल्य, शिवा तिवारी, माधवेन्द्र पाण्डेय, नरेंद्र पांडेय, निर्भय कुमार, चन्द्रप्रकाश आर्य एवं विनय यादव सहित अन्य लोगों ने प्रो. तिवारी को बधाई दी।





.jpg)

.jpg)