24 मार्च।
बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर लगातार तहलका मचा रही है। रिलीज के शुरुआती पांच दिनों में ही फिल्म ने 500 करोड़ रुपये के क्लब में प्रवेश कर इतिहास रच दिया है। दर्शकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया के चलते यह फिल्म निर्माताओं के लिए भारी लाभ का साधन बन गई है।
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म के पांचवें दिन यानी सोमवार को 65 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया गया। हालांकि वीकेंड के मुकाबले कमाई में थोड़ी गिरावट देखी गई, फिर भी फिल्म की कमाई की रफ्तार मजबूत बनी हुई है। इससे पहले तीसरे दिन फिल्म ने 113 करोड़ और चौथे दिन 114.85 करोड़ रुपये की कमाई की थी। कुल मिलाकर पांच दिनों में फिल्म का घरेलू कलेक्शन 519.12 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जबकि वर्ल्डवाइड स्तर पर ग्रॉस कलेक्शन 829.76 करोड़ रुपये हो गया है।
वहीं, पवन कल्याण की फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह' को बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित सफलता नहीं मिली। पहले दिन 34.75 करोड़ की ओपनिंग के बाद फिल्म की कमाई लगातार घटती रही। पांचवें दिन फिल्म ने मात्र 1.96 करोड़ रुपये कमाए, जिसके बाद कुल कलेक्शन 62.26 करोड़ रुपये तक सीमित रह गया। फिल्म में राशि खन्ना और श्रीलीला भी प्रमुख भूमिकाओं में दिखाई दे रही हैं।












