मुंबई, 27 मार्च 2026।
बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर लगातार धूम मचाए हुए है और रिलीज के पहले दिन से लेकर आठवें दिन तक दर्शकों का उत्साह बरकरार है।
फिल्म ने एक हफ्ते के भीतर ही 600 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है और अब यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नए रिकॉर्ड बना रही है। ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने आठवें दिन 49.70 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
पेड प्रिव्यू शोज से मिले 43 करोड़ रुपये को मिलाकर 'धुरंधर 2' का कुल घरेलू कलेक्शन 624.47 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, वर्ल्डवाइड स्तर पर फिल्म ने 1,067.24 करोड़ रुपये कमाए हैं और इस तरह 'पठान' के 1050.3 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
वहीं, पवन कल्याण की फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह' बॉक्स ऑफिस पर मुकाबले में कमजोर पड़ती नजर आ रही है। फिल्म ने आठवें दिन महज 1.02 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे इसका कुल कलेक्शन 66.97 करोड़ रुपये तक पहुंच पाया है।
विश्लेषकों का मानना है कि जिस गति से 'उस्ताद भगत सिंह' की कमाई बढ़ रही है, उसे देखते हुए इसके आगे का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन चुनौतीपूर्ण रहेगा।












