मुंबई, 20 मार्च 2026।
बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' ने पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार कमाई कर इतिहास रच दिया है। एडवांस बुकिंग और प्रिव्यू शोज की शानदार कमाई के बाद फिल्म ने रिलीज के पहले ही दिन 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया। दर्शकों के जबरदस्त उत्साह और जबरदस्त रिस्पॉन्स के चलते सिनेमाघरों में फिल्म का क्रेज देखने लायक रहा।
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, 'धुरंधर 2' ने पेड प्रिव्यू में भारत में लगभग 43 करोड़ रुपये की कमाई की थी। रिलीज के पहले दिन ही फिल्म ने 102.55 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर सभी को चौंका दिया। महज दो दिनों में फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 145.55 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। फिल्म ने ओपनिंग डे कलेक्शन में 'जवान' और 'एनिमल' जैसी बड़ी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया।
वहीं, साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण की फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह' को 'धुरंधर 2' से कड़ी टक्कर मिली। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फिल्म ने पहले दिन 31.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जो मजबूत शुरुआत मानी जा रही है, लेकिन 'धुरंधर 2' के मुकाबले यह कम रहा।
गौरतलब है कि पवन कल्याण की पिछली फिल्म 'दे कॉल हिम ओजी' ने पहले दिन 63.75 करोड़ रुपये की कमाई की थी।












