एकता नगर, 31 अक्टूबर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पण किया। इन परियोजनाओं में सीवेज एवं जल उपचार संयंत्र, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, नर्मदा घाट का उन्नयन और वर्षावन सहित अन्य विकास कार्य शामिल हैं।
गुजरात दौरे के दूसरे और अंतिम दिन प्रधानमंत्री ने सुबह विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित की। सरदार पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने समारोह का नेतृत्व किया।
इस दौरान भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पवर्षा कर सरदार पटेल को भव्य हवाई श्रद्धांजलि दी। शाम को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे।
इससे पहले गुरुवार को प्रधानमंत्री ने एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के अंतर्गत ‘भारत पर्व 2026’ का उद्घाटन किया था। यह उत्सव 15 नवंबर तक चलेगा। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना पर आधारित इस आयोजन में देश की सांस्कृतिक विविधता, परंपराओं, खानपान, हस्तशिल्प और विरासत को प्रदर्शित किया जा रहा है।
भारत पर्व में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सांस्कृतिक पहचान को एक साझा मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है।















