Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव
टॉप न्यूज़
30 Oct, 2026

बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर चमोली में क्रैश, पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत

उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा हेलीकॉप्टर चाई गांव के पास पहाड़ी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, हादसे में पायलट और पांच यात्रियों की जान गई।

ज्योतिर्मठ, 30 अक्टूबर।
उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई। हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा था। दुर्घटना ज्योतिर्मठ तहसील के चाई गांव के ऊपर दुर्गम पहाड़ी इलाके में हुई। घटनास्थल पर पहुंची सेना की टीम ने सभी छह लोगों की मृत्यु की पुष्टि की।

जिला आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से शुक्रवार शाम 5:30 बजे जारी प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:12 बजे बदरीनाथ धाम से सहस्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरी थी। दोपहर करीब दो बजे चाई गांव के ऊपर पहाड़ी क्षेत्र में यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, सेना, पुलिस, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीमें बचाव अभियान के लिए रवाना की गईं। सेना की नौवीं स्वतंत्र माउंटेन ब्रिगेड के अधिकारियों से मिली जानकारी के आधार पर मृतकों की सूची जारी की गई।

दुर्घटना में पायलट हिमांशु सभरवाल की मौत हुई है। हेलीकॉप्टर में सवार पांच यात्रियों की पहचान अरुण सालुंके, एचएस नटराज, प्रताप बच्चिहल्ली निंगराजन, सुधीर के. और शंकरगौड़ा वीबी के रूप में हुई है। सभी पांच यात्री कर्नाटक के निवासी बताए गए हैं।

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के अनुसार, हेलीकॉप्टर का कॉल साइन वीटी-एचसीएक्स था। बदरीनाथ से सहस्रधारा के लिए उड़ान भरने के बाद जोशीमठ घाटी के ऊपर उसका संपर्क टूट गया था। ट्रैकिंग प्रणाली से भी उसकी लोकेशन का पता नहीं चल सका।

घटना के बाद प्राधिकरण ने एहतियातन ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक लगा दी थी। इसके बाद सेना और अन्य बचाव दलों ने चाई गांव के पास दुर्घटनास्थल तक पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

मुख्यमंत्री धामी ने दिए जांच के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे में छह लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दुर्घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और राहत से जुड़ी जरूरी व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने को कहा है।

राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने भी दुर्घटना में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।

|
वीडियो फीचर

एशियन पैरा गेम्स 2026 में निरंजन मुकुंदन ने जीता कांस्य पदक, भारत का बढ़ाया गौरव


एशियन पैरा गेम्स में भारत का डबल धमाका, प्रवीण को गोल्ड तो बंटी को सिल्वर

बरगलाने वालों, देश का युवा जागरूक है! 🇮🇳 | कांग्रेस और CJP पर सवाल

एम्स भोपाल की 2 युवा शोधकर्ता स्पेन में करेंगी भारत का नाम रोशन, कुष्ठ रोग पर पेश करेंगी शोध

मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम: तनावमुक्त जीवन का संदेश | मानसरोवर ग्लोबल यूनिवर्सिटी

मंत्री प्रहलाद पटेल और राधा सिंह ने सुनीं कार्यकर्ताओं की समस्याएं, समाधान के दिए निर्देश #mpnews

आज का राशिफल

कहीं रुका हुआ पैसा वसूलने में मदद मिल जाएगी। व्यर्थ प्रपंच में समय नहीं गंवाकर अपने काम पर ध्यान दीजिए। अच्छे कार्य के लिए रास्ते बना लेंगे। अपने हित के काम सुबह-सवेरे निपटा लें। पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। व्यापार व व्यवसाय में स्थिति उत्तम रहेगी। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

19° / 29°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़