जांजगीर-चांपा, 01 अप्रैल।
जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी में बुजुर्ग दंपति की हत्या की सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है। अज्ञात आरोपित ने घर में सो रहे संतराम साहू (65 वर्ष) और उनकी पत्नी श्याम बाई साहू (62 वर्ष) की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद महिला के गले से सोने का हार भी गायब पाया गया, जिससे हत्या के पीछे लूट की आशंका जताई जा रही है।

यह घटना 31 मार्च की रात की बताई जा रही है। सुबह जब मृतक दंपति का बड़ा बेटा हरिशंकर साहू खेत में दवाई छिड़कने के लिए घर आया, तो घर का दरवाजा खुला देख उसे शक हुआ। अंदर जाकर उसने देखा कि पिता का शव जमीन पर और मां का शव खाट पर खून से लथपथ पड़ा था। यह भयानक दृश्य देखकर उसने तुरंत पुलिस और ग्रामीणों को सूचना दी।
पुलिस ने घटनास्थल से खून से सने पैरों के निशान बरामद किए हैं, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि एक से अधिक आरोपित हो सकते हैं। पुलिस को मौके से होली का मुखौटा और नकली बाल भी मिले हैं, जिससे यह अंदेशा है कि आरोपित पहचान छिपाने के लिए भेष बदलकर आया था। आरोपित घर के पास लगे पेड़ से चढ़कर अंदर घुसा था।

जांच के दौरान महिला के गले से सोने का हार गायब पाया गया, जिससे लूट की संभावना और अधिक मजबूत हो रही है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने घटनास्थल का दौरा किया और मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया। पुलिस अज्ञात आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की सभी एंगल से जांच की जा रही है।












