नई दिल्ली, 26 मार्च 2026।
पश्चिम एशिया संकट के बीच टाटा की अगुवाई वाली एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने आज इस क्षेत्र से आने-जाने वाली 32 निर्धारित और गैर-निर्धारित उड़ानें संचालित करने की घोषणा की है।
एयर इंडिया ने बताया कि दोनों एयरलाइंस जेद्दाह से आने-जाने वाली अपनी निर्धारित सेवाएं जारी रखेंगी, जिसमें भारत और जेद्दाह के बीच कुल 10 उड़ानें शामिल हैं। एयर इंडिया दिल्ली से एक और मुंबई से दो वापसी सेवाएं संचालित करेगी, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस कोझिकोड और मंगलौर से एक-एक उड़ान चलाएगी।
इसके अलावा, एयर इंडिया एक्सप्रेस मस्कट से आने-जाने वाली चार निर्धारित उड़ानें संचालित करेगी, जिसमें दिल्ली और मुंबई से सेवाएं शामिल हैं। कोझिकोड से रियाद के लिए दो निर्धारित उड़ानें भी एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा संचालित की जाएंगी। एयर इंडिया रियाद से आने-जाने वाली चार निर्धारित उड़ानें संचालित करेगी, जिनमें दिल्ली और मुंबई से सेवाएं शामिल हैं।
निर्धारित सेवाओं के अतिरिक्त, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से आने-जाने वाली 12 गैर-निर्धारित उड़ानें भी संचालित करेंगी। ये उड़ानें प्रस्थान स्टेशनों पर स्लॉट उपलब्धता और अन्य परिचालन स्थितियों के आधार पर संचालित होंगी और संबंधित भारतीय एवं स्थानीय नियामक प्राधिकरणों से अनुमतियां प्राप्त करने के बाद ही उड़ानें भरी जाएंगी।
एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा से पहले एयर इंडिया या एयर इंडिया एक्सप्रेस की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर नवीनतम उड़ानों की स्थिति की जांच करें, क्योंकि उड़ानों का संचालन परिचालन स्थितियों पर निर्भर है।











