नई दिल्ली, 30 मार्च।
टाटा समूह की अगुवाई वाली एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस आज पश्चिम एशिया के लिए कुल 20 उड़ानें संचालित करेंगी। इन उड़ानों में तयशुदा और विशेष दोनों प्रकार की सेवाएं शामिल हैं।
एयरलाइन ने बयान में कहा कि 30 मार्च को ये उड़ानें एयरपोर्ट पर स्लॉट उपलब्धता और वहां की परिस्थितियों के अनुसार संचालित होंगी। इस योजना में संयुक्त अरब अमीरात के लिए 10 विशेष उड़ानें भी शामिल हैं, जिनके लिए भारतीय और स्थानीय प्राधिकरणों से जरूरी अनुमति मिल चुकी है।
एयर इंडिया ने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तर अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और अन्य क्षेत्रों की सभी नियमित उड़ानें पहले तय समयानुसार ही चलेंगी और उनमें कोई बदलाव नहीं होगा।
यात्रियों के लिए सहूलियत की बात करते हुए एयरलाइन ने कहा कि जिन यात्रियों ने उन मार्गों के लिए टिकट बुक की थी, जहां सेवाएं फिलहाल निलंबित हैं, वे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के भविष्य की तारीख के लिए अपनी टिकट फिर से बुक कर सकते हैं। इसके अलावा, वे पूरी रकम वापस लेने का विकल्प भी चुन सकते हैं।
टिकट पुनः बुकिंग या रद्द करने के लिए यात्री एयर इंडिया की वेबसाइट https://airindia.com/in/ पर जा सकते हैं। अतिरिक्त जानकारी के लिए एयरलाइन की 24 घंटे हेल्पलाइन भी उपलब्ध है।










