फर्रुखाबाद, 02 अप्रैल 2026।
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में अमृतपुर थाना पुलिस ने ओमवीर राठौर हत्या कांड के मुख्य आरोपित सुरजीत उर्फ ननकू यादव को बीती रात मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक पुलिस सिपाही वसीम भी घायल हुआ है।
पुलिस को ओमवीर राठौर की हत्या में संलिप्त वांछित अपराधियों की तलाश थी। बीती रात सुरजीत यादव की सूचना मिली कि वह अपने गांव गुजरपुर पमारान की पुलिया के नीचे छिपा है। थाना अध्यक्ष रक्षा सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तारी का प्रयास किया। घिरने पर सुरजीत ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलानी पड़ी।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में सुरजीत यादव पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, तीन कारतूस और खोखे बरामद किए गए। मुठभेड़ के दौरान हुई फायरिंग में सिपाही वसीम भी घायल हुए। घायल सुरजीत और सिपाही को उपचार के लिए राजेपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, हाल ही में रामू यादव के खेत से ओमवीर राठौर का कंकाल बरामद किया गया था। ओमवीर के अपहरण की शिकायत उनकी पत्नी धर्मशिला ने दर्ज कराई थी, जिसमें रामू यादव और सुरजीत यादव समेत अन्य शामिल थे। आठ माह बाद पुलिस ने नर कंकाल बरामद किया और उसी क्रम में बीती रात मुठभेड़ में सुरजीत को गिरफ्तार किया। वहीं, हत्यारोपित रामू यादव को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।












