कानपुर, 25 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान पिता-पुत्र की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, जावेद (45) और आबिद (25) रात करीब 12 बजे कल्याणपुर के गोवा गार्डन स्थित अपार्टमेंट में सेप्टिक टैंक की सफाई करने गए थे। पहले राउंड में सफाई के बाद वे बाहर लौट आए। दोबारा करीब दो बजे टैंक में उतरने पर दोनों गहराई में चले गए और देर तक बाहर नहीं आए।
अनहोनी की आशंका जताते हुए परिवार ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान जावेद और आबिद की मौत हो गई।
एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण सेप्टिक टैंक में मौजूद जहरीली गैस लग रही है। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं और मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।











