बिश्वनाथ (असम), 02 अप्रैल 2026।
असम के बिहाली क्षेत्र में अपराधियों ने अपनी दुस्साहसिता का परिचय देते हुए एक सनसनीखेज डकैती को अंजाम दिया, जिसने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। यह घटना बरगांग स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 15 के किनारे घटी, जहां बदमाशों ने सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए।
जानकारी के अनुसार, पांच सदस्यीय डकैतों के गिरोह ने यह वारदात फिल्मी अंदाज में की। दामिनी ज्वेलर्स के मालिक, जो मिलनपुर स्थित अपने घर जा रहे थे, उन्हें ही निशाना बनाया गया। आरोपित बाइक पर आए और सीधे उन पर हमला कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने हवा में फायरिंग भी की, ताकि आसपास दहशत फैला सकें।
घटना के बाद पूरा क्षेत्र भय और असुरक्षा में डूब गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए डकैती की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक आरोपितों का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चला रही है और संदिग्धों की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।












