जौनपुर, 24 अप्रैल।
जौनपुर के गाजीपुर में युवती की हत्या की घटना से आक्रोशित विश्वकर्मा समाज ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद समाज के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग उठाई। सैकड़ों की संख्या में जुटे लोगों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की अपील की।
प्रदेश सचिव अजय विश्वकर्मा ने बताया कि गाजीपुर के करिया थाना क्षेत्र में महिला की निर्मम हत्या अत्यंत निंदनीय है और यह घटना समाज को झकझोर देने वाली है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल और पुलिस बल पर असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव की घटना हुई, जो प्रशासनिक विफलता को दर्शाती है।
विश्वकर्मा समाज ने मांग की कि पूरे मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए और दोषियों को कठोर सजा दी जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को पचास लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी मांग रखी गई। समाज ने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने, पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने, मामले की जांच एसआईटी से कराने तथा संबंधित थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी को निलंबित करने की भी मांग की।











