जांजगीर-चांपा, 24 अप्रैल
जिले के करही गांव में बीती देर रात घर में घुसकर की गई ताबड़तोड़ फायरिंग की सनसनीखेज घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी, जिसमें कांग्रेस के ब्लॉक उपाध्यक्ष सम्मेलाल कश्यप के बेटे की मौत हो गई जबकि दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार तीन नकाबपोश बदमाश देर रात घर में घुसे और परिवार को निशाना बनाते हुए अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में आयुष कश्यप को दो गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आशुतोष कश्यप के दाहिने हाथ में गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल आशुतोष को तुरंत बिर्रा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के घर में घुसने का उद्देश्य लूट बताया जा रहा है, लेकिन घायल आशुतोष के बयान के अनुसार बदमाश केवल 50 से 60 रुपये और एक मोबाइल फोन लेकर फरार हुए, जिससे घटना के पीछे के मकसद पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वारदात के दौरान आरोपियों ने घर के अन्य सदस्यों को कमरों में बंद कर दिया था ताकि कोई बाहर न निकल सके और मदद न बुला सके। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा सभी पहलुओं पर जांच जारी है, जिसमें आपसी रंजिश की संभावना भी शामिल है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और घायल से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस को जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस टीम अस्पताल और घटनास्थल दोनों जगह से जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द पकड़ने का प्रयास जारी है।











