फर्रुखाबाद, 24 अप्रैल
कोतवाली कायमगंज नगर क्षेत्र के एक मैरिज होम में आयोजित विवाह समारोह के दौरान गुरुवार रात हर्ष फायरिंग की घटना में दुल्हन के जीजा को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना लाला परमानंद की बगीची में चल रहे विवाह समारोह के दौरान हुई, जहां जय सक्सेना के विवाह में द्वारचार की रस्म चल रही थी। इसी दौरान स्टेज से कुछ दूरी पर बैठे लोगों के बीच अचानक गोली चल गई, जो सीधे दुल्हन के जीजा गौरव सक्सेना को जा लगी।
गोली लगते ही गौरव सक्सेना लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और समारोह स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। परिजन और मौजूद लोग तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे।
गौरव सक्सेना शमशाबाद क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। घटना के बाद विवाह स्थल पर चीख-पुकार और दहशत का माहौल फैल गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मामले की गहन जांच की जा रही है और रिपोर्ट दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आरोपी की तलाश जारी है।











