शिमला, 20 मार्च 2026।
शिमला जिले में पुलिस ने नाबालिग चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। ये सभी आरोपी सड़क निर्माण में लगी मशीनों से डीजल और बैटरियां चोरी कर रहे थे। मौके से पुलिस ने दो पिकअप गाड़ियां भी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार तड़के करीब 3 बजे थाना सुन्नी को सूचना मिली कि एक सड़क निर्माण कंपनी की साइट पर चोरी हुई है। यह सूचना साइट इंचार्ज टेकचंद ने दी, जो बीपीएम नाम की कंपनी से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि कुछ लोग मशीनों से डीजल और बैटरियां निकालकर ले गए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आसपास तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान पुलिस को दो पिकअप गाड़ियां (HP30-5790 और HP06B-5527) मौके पर खड़ी मिलीं, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
पुलिस की मौजूदगी देखकर तीन आरोपी पास की ढांक (खाईनुमा जगह) में उतर गए। उन्हें बाहर निकालना आसान नहीं था, लेकिन पुलिस टीम ने जोखिम उठाते हुए रस्सियों की मदद से तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला और हिरासत में लिया। वहीं चौथे आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पुलिस ने मौके पर ही शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए और थाना सुन्नी में केस दर्ज कर लिया। इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 303(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह के पीछे कोई और लोग शामिल तो नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।












