अमेरिका/यूरोप
22 Apr, 2026

जर्मन एयरलाइन लुफ्थांसा ने 20 हजार फ्लाइट्स रद्द कीं

लुफ्थांसा ने जेट फ्यूल की कमी और महंगे ईंधन के कारण 20 हजार फ्लाइट्स रद्द करने का फैसला किया, जिससे एयरलाइन की लागत में कमी आएगी।

बर्लिन, 22 अप्रैल

जर्मनी की प्रमुख एयरलाइन लुफ्थांसा ने मई से अक्टूबर तक 20 हजार शॉर्ट-हॉल फ्लाइट्स रद्द करने का निर्णय लिया है। इसका कारण ईरान युद्ध के कारण यूरोप में जेट फ्यूल की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी है, जिससे एयरलाइन की लागत में वृद्धि हुई है। लुफ्थांसा के मुताबिक, इस कदम से करीब 40 हजार टन जेट फ्यूल की बचत होगी। कंपनी ने मंगलवार को घोषणा की कि वह रोजाना करीब 120 उड़ानें घटाएगी। यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है, जब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद रहने के कारण तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है और यूरोप में जेट फ्यूल की आपूर्ति पर चिंता बढ़ गई है। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) ने चेतावनी दी है कि यूरोप के पास सिर्फ 6 हफ्ते का जेट फ्यूल बचा है।

लुफ्थांसा ने अपने छोटे रूट नेटवर्क में बदलाव करते हुए गर्मियों के फ्लाइट शेड्यूल को स्थिर बनाए रखने का निर्णय लिया है। कंपनी ने कहा कि अप्रैल के अंत या मई की शुरुआत में पूरी योजना जारी की जाएगी। इसके तहत फ्रैंकफर्ट और म्यूनिख से घाटे वाले रूट बंद किए जाएंगे और ज्यूरिख, ब्रसेल्स और वियना से उड़ानें बढ़ाई जाएंगी। इससे लंबी दूरी की उड़ानों से बेहतर कनेक्शन मिलेगा। गर्मियों के अंत तक लंबी दूरी की उड़ानों की क्षमता थोड़ी कम की जाएगी, जिसमें 6 बड़े विमान हटाए जाएंगे और 2 बोइंग 747 सर्दियों में उड़ान नहीं भरेंगे। इसके अलावा, 4 एयरबस ए340-600 विमान अक्टूबर में हमेशा के लिए बंद कर दिए जाएंगे। खर्चों को कम करने के लिए कंपनी अपने सिटीलाइन बेड़े के 27 विमान भी बंद कर रही है, जिनमें महंगा ईंधन और कर्मचारियों से जुड़े विवाद मुख्य कारण बताए गए हैं।

ईरान युद्ध के कारण होर्मुज स्ट्रेट पर तनाव बना हुआ है, जिससे ईंधन और गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है। हालांकि, यूरोप के ट्रांसपोर्ट मंत्री जेट फ्यूल की कमी से निपटने के उपायों पर चर्चा कर रहे हैं, और यूरोपीय संघ (ईयू) वैकल्पिक अमेरिकी जेट फ्यूल और बाहर से ज्यादा फ्यूल भरने की अनुमति जैसे उपायों पर विचार कर रहा है। रयानएयर के प्रमुख माइकल ओ लेरी ने चेतावनी दी है कि अगर होर्मुज स्ट्रेट बंद रहा, तो मई से सप्लाई बाधित हो सकती है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

27° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़