नई दिल्ली, 18 मार्च।
ग्लोबल मार्केट से आज सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान बढ़त के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी मजबूती के साथ कारोबार कर रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान खरीदारी का रुख बना रहा। एशियाई बाजार में भी आज आमतौर पर तेजी का रुख देखा जा रहा है।
पश्चिम एशिया संकट के बीच अमेरिकी फेडरल रिजर्व आज ब्याज दरों को लेकर नीतिगत ऐलान करने वाला है। इस ऐलान से पहले अमेरिकी बाजार में निवेशक सतर्क मुद्रा में कारोबार करते रहे। एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.25 प्रतिशत की तेजी के साथ 6,716.09 अंक पर बंद हुआ। नैस्डेक ने 105.35 अंक यानी 0.47 प्रतिशत उछल कर 22,479.53 अंक पर कारोबार का अंत किया। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स फिलहाल 233.69 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ 47,226.95 अंक पर कारोबार कर रहा है।
यूरोपीय बाजार में भी सकारात्मक माहौल बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.83 प्रतिशत की तेजी के साथ 10,403.60 अंक पर बंद हुआ। सीएसी इंडेक्स ने 0.48 प्रतिशत मजबूती के साथ 7,974.49 अंक पर कारोबार का अंत किया। डीएएक्स इंडेक्स 166.91 अंक यानी 0.70 प्रतिशत बढ़त के साथ 23,730.92 अंक पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में भी खरीदारी का रुख बना हुआ है। एशिया के नौ बाजार में से सात सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में हैं, जबकि दो सूचकांक लाल निशान में बने हैं। शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.40 प्रतिशत गिरकर 4,033.62 अंक पर कारोबार कर रहा है। हैंग सेंग इंडेक्स 0.18 प्रतिशत गिरकर 25,823 अंक पर आ गया है।
गिफ्ट निफ्टी 150.50 अंक यानी 0.64 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,732.50 अंक पर कारोबार कर रहा है। स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 1.04 प्रतिशत मजबूती के साथ 4,987.07 अंक पर पहुंचा। कोस्पी इंडेक्स ने 224.13 अंक यानी 3.97 प्रतिशत की छलांग लगाई और 5,864.61 अंक पर कारोबार कर रहा है।
निक्केई इंडेक्स 1,329.61 अंक यानी 2.48 प्रतिशत की बढ़त के साथ 55,030 अंक पर पहुंचा। ताइवान वेटेड इंडेक्स 479.54 अंक यानी 1.42 प्रतिशत की तेजी के साथ 34,316.11 अंक पर, जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 84.55 अंक यानी 1.19 प्रतिशत मजबूती के साथ 7,106.84 अंक पर और सेट कंपोजिट इंडेक्स 1.18 प्रतिशत की छलांग के साथ 1,450.74 अंक पर कारोबार कर रहे हैं।












